नेछवा के केदार बक्स मोर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में साइबर सुरक्षा और महिला अपराधों पर कार्यशाला आयोजित; बालिकाओं को दिए सुरक्षा टिप्स
नेछवा। नेछवा स्थित केदार बक्स मोर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में महिला अधिकारिता विभाग और राजस्थान पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को साइबर फ्रॉड, महिला संबंधी अपराधों, पॉक्सो एक्ट एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में सीबीईओ राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सतर्क रहकर पढ़ाई के साथ-साथ अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
उद्घाटन सत्र में ब्लॉक पर्यवेक्षक मोनिका ने साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और पॉक्सो एक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंटरनेट का समझदारी से इस्तेमाल करके किस तरह वित्तीय ठगी और ऑनलाइन उत्पीड़न से बचा जा सकता है।
कार्यशाला में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की विशेष जानकारी दी गई कि किसी भी प्रकार की वित्तीय ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर सूचित करें। इसके अलावा आपात स्थिति में 1090 महिला हेल्पलाइन और 1098 बालिका हेल्पलाइन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नेछवा थाना स्टाफ से आए एएसआई राजेंद्र कुमार एवं महिला कांस्टेबल सुश्री मनीषा व श्रीमती सविता ने छात्राओं को गुड टच-बैड टच, कानूनी प्रावधानों, सुरक्षा नियमों और आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीकों से अवगत कराया।
इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्कूल स्टाफ, प्रशासन तथा ग्राम साथिन मंजू स्वामी उपस्थित रहीं। कार्यशाला में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अधिकारियों से प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान किया।

0 टिप्पणियाँ